शावकों के साथ हाईवे पर निकली बाघिन, कैमरे ताने तो बदला मिजाज,राहगीरों की ओर दौड़ी

उमरिया। घुनघुटी वन परिक्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घुनघुटी और शहडोल के बीच ऋतुवन ढाबा के पास NH-43 पर एक बाघिन जंगल से निकलकर सड़क पार करती दिखाई दी। बाघिन को देखते ही राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग मोबाइल फोन निकालकर बाघिन का वीडियो बनाने लगे।

https://youtube.com/shorts/RlVjZF7MuUc?si=IwcWAfUTC0kr3DD-

कुछ देर तक बाघिन सड़क पार करती रही, लेकिन लोगों की बढ़ती भीड़ और लगातार कैमरे उसकी ओर तने होने के बाद उसका व्यवहार अचानक बदल गया। बाघिन ने मुंह खोला और लोगों की दिशा में दौड़ लगा दी। बाघिन को अपनी ओर आता देख राहगीरों में हड़कंप मच गया और लोग पीछे हटने लगे। गनीमत रही कि बाघिन ने किसी व्यक्ति पर हमला नहीं किया और वह वापस जंगल की ओर चली गई।

इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो शुक्रवार शाम का है। बाघिन को देखने के लिए कई वाहन हाईवे पर रुक गए थे, जिसके चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

बाघिन के साथ शावक होने की सूचना

घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। घुनघुटी रेंजर धरमु सिंह ने बताया कि NH-43 के पास बाघिन दिखाई देने की सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार बाघिन के साथ उसके बच्चे भी हैं। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और बाघिन की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से वन अमला भी मौके पर तैनात किया गया है।

इन इलाकों में भी देखा जा रहा वन्यजीवों का मूवमेंट

बताया जाता है कि घुनघुटी क्षेत्र के आसपास पिछले कुछ समय से बाघिन सहित अन्य वन्यजीवों की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। घुनघुटी से शहडोल के बीच जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ी हैं। इसके अलावा शहडोल-मजगामा से घुनघुटी, घुनघुटी से जमुड़ी, पतनार खुर्द और आसपास के जंगलों में भी वन्यजीवों की मौजूदगी सामने आती रही है। घुनघुटी से गांधीग्राम के बीच भी बाघिन के मूवमेंट की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा दी गई है।

शावकों के साथ होने पर अधिक सतर्क रहने की जरूरत

रेंजर धरमु सिंह ने बताया कि यदि बाघिन अपने शावकों के साथ होती है और उसे खतरा महसूस होता है तो वह अधिक आक्रामक हो सकती है। ऐसे में लोगों का उसके करीब जाकर फोटो या वीडियो बनाना खतरनाक हो सकता है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाईवे या जंगल क्षेत्र में बाघिन दिखाई देने पर भीड़ न लगाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वाहन बाघिन के बेहद करीब न रोकें और किसी भी तरह की गतिविधि से उसे उकसाने से बचें। बाघिन दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment