उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कल्दा में गुरुवार सुबह हलछठ पूजन के बाद पूजन सामग्री विसर्जित करने गई 70 वर्षीय महिला विनोदा नदी में पैर फिसलने के बाद गहरे पानी में लापता हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर महिला की तलाश शुरू कराई गई। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार रमोता बाई पति बाबूलाल यादव, उम्र करीब 70 वर्ष, निवासी कुरावर थाना पाली हैं। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर वह अपने भाई के घर आई हुई थीं। बुधवार को रमोता बाई ने अपनी भाभी के साथ हलछठ का पूजन किया था। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे वह पूजन सामग्री को विसर्जित करने के लिए ग्राम कल्दा स्थित विनोदा नदी पहुंचीं।
ग्रामीण क्षेत्रों में हलछठ का पर्व विशेष धार्मिक आस्था के साथ मनाया जाता है। महिलाएं संतान की सुख-समृद्धि, लंबी आयु और परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर विधि-विधान से पूजा करती हैं। पूजन के बाद सामग्री का जल में विसर्जन भी परंपरा का हिस्सा माना जाता है। इसी धार्मिक परंपरा के तहत रमोता बाई पूजन सामग्री लेकर नदी पहुंची थीं, लेकिन विसर्जन के दौरान उनके साथ दर्दनाक हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि रमोता बाई नदी के किनारे पूजन सामग्री विसर्जित कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गईं। इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, वह नदी के गहरे पानी में समा गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी।
तेज बहाव ने बढ़ाई रेस्क्यू टीम की मुश्किलें
सूचना मिलते ही नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला की तलाश शुरू कराई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
लगातार हो रही बारिश के कारण विनोदा नदी में पानी का बहाव तेज है। गहराई और तेज धारा के कारण एसडीआरएफ के जवानों को तलाशी अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। टीम नदी के बहाव की दिशा में संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है।
नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेंद्र शर्मा ने बताया कि वृद्ध महिला की तलाश लगातार जारी है। बारिश के कारण सर्च ऑपरेशन में थोड़ी कठिनाई आ रही है। तलाश करते-करते टीम डैम के नजदीक पहुंच गई है और अब डैम में उतरकर भी महिला की तलाश करने की तैयारी की जा रही है।
हादसे के बाद रमोता बाई के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद हैं। परिवार के लोग महिला के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल वृद्ध महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका है और पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है।