ट्रांसफार्मर जला, पूरा गांव अंधेरे में; बारिश और बाढ़ के बीच बिजली बहाली का इंतजार

सीधी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरोहर में हनुमान मंदिर के पास लगा बिजली ट्रांसफार्मर जल जाने से पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली गुल होने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। वहीं सोन नदी गांव के नजदीक होने के कारण लगातार बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे आपातकालीन हालात में गांव में बिजली की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।

 

ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर जलने के बाद बिजली विभाग से संपर्क किया गया, जहां विभाग की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि गांव के जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया हैं, पहले उनका भुगतान कराया जाए, इसके बाद ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई ऐसे परिवार हैं जो आर्थिक परिस्थितियों के कारण समय पर बिजली बिल जमा नहीं कर पाते हैं, जबकि कुछ उपभोक्ता नियमित रूप से हर महीने अपने बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं। ऐसे में पूरे गांव की बिजली व्यवस्था बाधित होने से नियमित बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

 

ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण रात के समय अंधेरा रहने से आवागमन सहित अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सोन नदी के नजदीक होने के कारण यदि बाढ़ की स्थिति बनती है तो बिजली के अभाव में ग्रामीणों के सामने अतिरिक्त संकट खड़ा हो सकता है।

 

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बिजली विभाग को तत्काल निर्देशित कर पिपरोहर में नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की है, ताकि बारिश और संभावित बाढ़ के इस दौर में गांव की विद्युत व्यवस्था जल्द बहाल हो सके।

Leave a Comment