उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली में कॉलरी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। साईं मंदिर से पाली प्रोजेक्ट तिराहा तक जाने वाली सड़क इन दिनों बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क की बदहाल स्थिति से आम लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार कॉलरी अधिकारी इस समस्या से बेखबर नजर आ रहे हैं।
बताया जाता है कि उक्त सड़क कॉलरी के अधीन है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने से जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता खास तौर पर जोखिम भरा बन गया है।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि इसी मार्ग से कॉलरी के सब एरिया मैनेजर से लेकर अन्य अधिकारी और कर्मचारी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। अधिकारियों की गाड़ियां इसी सड़क से गुजरती हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की दुर्दशा पर ध्यान नहीं दिया जाना कॉलरी प्रबंधन की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही सड़क किसी अधिकारी के घर या कार्यालय तक जाने वाली होती, तो शायद इसकी हालत इतनी खराब नहीं रहती। आम जनता के इस्तेमाल वाली सड़क होने के कारण इसकी मरम्मत को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। लोगों का आरोप है कि कॉलरी प्रबंधन को जनता की परेशानियों से ज्यादा अपनी व्यवस्थाओं की चिंता है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी दांव पर
इस मार्ग का इस्तेमाल बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी करते हैं। सुबह और दोपहर के समय बच्चों की आवाजाही रहती है। सड़क पर बने गड्ढों से बचने के प्रयास में कई बार बच्चों को सड़क के किनारे से होकर गुजरना पड़ता है। इसी दौरान यदि कोई तेज रफ्तार वाहन सामने आ जाए तो दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती और वाहन चालक अचानक संतुलन खो सकते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद जागने के बजाय कॉलरी प्रबंधन को समय रहते सड़क की मरम्मत करानी चाहिए।
कब जागेगा कॉलरी प्रबंधन
सवाल यह है कि जब कॉलरी के अधिकारी और कर्मचारी स्वयं इसी मार्ग से गुजरते हैं, तो उन्हें सड़क की हालत दिखाई क्यों नहीं देती? क्या किसी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है।। जनता के आवागमन और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी सड़क की मरम्मत आखिर किसकी जिम्मेदारी है।
स्थानीय लोगों ने कॉलरी के वरिष्ठ अधिकारियों से सड़क का तत्काल निरीक्षण कराकर गड्ढों कर दिया मरम्मत और सड़क का समुचित सुधार कराने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद कॉलरी प्रबंधन जनता की समस्या को गंभीरता से लेता है या फिर यह सड़क इसी तरह गड्ढों में तब्दील होकर लोगों की परेशानी बढ़ाती रहती है।