बटन ऑन, फिर भी पंखे बंद! मझौली अस्पताल की ओपीडी में गर्मी से मरीज बेहाल, वीडियो वायरल।
मझौली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली की बदहाल व्यवस्थाओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ नजर आ रही है, जबकि गर्मी से परेशान मरीजों के बीच लगे पंखे बंद पड़े दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि पंखों के स्विच ऑन होने के बावजूद पंखे चल नहीं रहे हैं।
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल में पंखे लगाए तो गए हैं, लेकिन कई पंखे चल नहीं रहे हैं। ऐसे में ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को उमस और गर्मी के बीच अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। वायरल वीडियो ने अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सिर्फ शोपीस बनकर रह गए पंखे?
मरीजों का आरोप है कि अस्पताल में लगे पंखे महज शोपीस बनकर रह गए हैं। जब मरीजों से भरी ओपीडी में गर्मी से राहत देने वाले पंखे ही काम नहीं कर रहे हैं, तो अस्पताल की व्यवस्थाओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। खासकर बुजुर्ग, बच्चे और गंभीर हालत में पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कलेक्टर की समझाइश के बाद भी हालात जस के तस
गौरतलब है कि हाल ही में कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुख्यालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश और समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद यदि अस्पताल की ओपीडी में मरीजों को बुनियादी सुविधा तक नहीं मिल पा रही है, तो यह अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद लोगों की मांग है कि जिम्मेदार अधिकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और बंद पड़े पंखों को तत्काल दुरुस्त कराकर मरीजों को राहत दिलाएं।
सवाल यह है कि जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुख्यालय की ओपीडी का यह हाल है, तो ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति कैसी होगी?