मोतियाबिंद सर्वे और रिपोर्टिंग की सिखाई प्रक्रिया, बीएमओ डॉ. सुप्रिया सिंह ने दिए निर्देश

मोतियाबिंद सर्वे और रिपोर्टिंग की सिखाई प्रक्रिया, बीएमओ डॉ. सुप्रिया सिंह ने दिए निर्देश

मोतियाबिंद मरीजों की सर्वे, रिपोर्टिंग और लाइन लिस्ट तैयार करने के दिए निर्देश

राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मोतियाबिंद सहित दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार, 12 सितंबर 2026 को सीधी जिले के कुसमी ब्लाक के जनपद पंचायत सभागार में प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. सुप्रिया सिंह कुसमी की उपस्थिति में संपन्न हुई।

बैठक में नेत्र सहायक द्वारा क्षेत्र में किए जाने वाले मोतियाबिंद सर्वे कार्य, संभावित मरीजों की पहचान, रिपोर्टिंग प्रक्रिया तथा मरीजों की लाइन लिस्ट तैयार करने के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे के दौरान ऐसे लोगों को चिन्हित करें, जिन्हें दृष्टि संबंधी परेशानी है अथवा मोतियाबिंद के संभावित लक्षण दिखाई दे रहे हैं।

बीएमओ डॉ. सुप्रिया सिंह ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए तथा चिन्हित संभावित मरीजों की जानकारी व्यवस्थित रूप से तैयार कर समय पर रिपोर्टिंग की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे मरीजों की पहचान पर विशेष ध्यान दिया जाए, जो स्वास्थ्य केंद्र तक स्वयं नहीं पहुंच पाते हैं, ताकि उन्हें आवश्यक जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान CHO, सेक्टर सुपरवाइजर, क्षेत्रीय कार्यकर्ता, MTS कुसमी एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कर्मचारियों की जिम्मेदारियों, सर्वे के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया और रिपोर्टिंग से संबंधित बिंदुओं पर भी जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य क्षेत्र में दृष्टि संबंधी रोगों की समय पर पहचान कर संभावित मरीजों को उपचार की सुविधा से जोड़ना है, जिससे मोतियाबिंद के कारण होने वाली दृष्टि हानि को रोकने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

Leave a Comment