पिस्टल लहराकर फैला रहा था दहशत, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के बाजारपूरा इलाके में हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना ने पुलिस को सक्रिय कर दिया। सूचना मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद होने से पुलिस भी सकते में आ गई।

नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाजारपूरा क्षेत्र में एक व्यक्ति पिस्टल लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। रात्रि अधिकारी सहायक उप निरीक्षक बृजभूषण गौतम पुलिस बल के साथ बाजारपूरा पहुंचे और संदिग्ध की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी करते हुए चांद प्रेस के पीछे से आरोपी शीतल उर्फ फुकलु कोल पिता राजाराम, निवासी मुंडी खोली नौरोजाबाद को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। ऐसे में उसके पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद होना गंभीर मामला माना जा रहा है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बाजारपूरा क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाल दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी बालेंद्र शर्मा, सहायक उप निरीक्षक बृजभूषण गौतम, प्रधान आरक्षक अजय त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक राजेश सोंधिया एवं उमेश सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment