उमरिया जिले के नौरोजाबाद कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) जोहिला क्षेत्र की ओर से रविवार को नौरोजाबाद गुरुद्वारा में संगठनात्मक बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के केंद्रीय महामंत्री नाथूलाल पांडेय एवं केंद्रीय अध्यक्ष बजरंगी शाही के आगमन पर पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका स्वागत किया।
बैठक के दौरान संगठन की गतिविधियों, कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों और संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जोहिला क्षेत्र की विभिन्न यूनिटों से पदाधिकारी, जेसीसी, पीएससी, वेलफेयर सदस्य तथा सक्रिय सदस्य शामिल हुए।
इस अवसर पर महिला सदस्यों सहित जोहिला क्षेत्र के विभिन्न सदस्यों का सम्मान भी किया गया। सम्मान समारोह के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों और अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाने में संगठन की सक्रिय भूमिका है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) के केंद्रीय महामंत्री नाथूलाल पांडेय के नेतृत्व में पूरे एसईसीएल में संगठन की मजबूत उपस्थिति बनी है और संगठन की गतिविधियों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत है।
बैठक में संगठन की एकजुटता और सक्रियता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अशोक तिवारी, अरुण मिश्रा, अमित पटेल, आलोक दीप पटेल, हंसराज द्विवेदी, प्रभात यादव एवं शैलेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।