तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर गिरा, दो महिलाएं और बच्चा घायल

तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर गिरा, दो महिलाएं और बच्चा घायल

रामपुर नैकिन के आमडाड घटिया के पास हुआ हादसा, दुर्घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार; पुलिस ने शुरू की जांच

रामपुर नैकिन। सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से नीचे प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर जा गिरा। हादसे में ऑटो में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक बच्चे को भी चोट आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे आमडाड घटिया के पास की बताई जा रही है। ऑटो में कुल छह लोग सवार थे। इसी दौरान तेज गति से जा रहा ऑटो अचानक अनियंत्रित हो गया और मुख्य मार्ग से फिसलकर नीचे प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर जा गिरा। हादसे में मनोरमा मिश्रा सहित एक अन्य महिला घायल हुई हैं। वहीं रवि साकेत नामक बच्चे को भी चोट आई है। तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद ऑटो चालक मौके से भाग गया। फिलहाल चालक का पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा चालक की तलाश के साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय निवासी सुरेंद्र सोनी ने बताया कि क्षेत्र में इन दिनों कई ऑटो चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं। गति पर नियंत्रण नहीं होने के कारण सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि वाहन चालकों को निर्धारित गति में वाहन चलाने और यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने की आवश्यकता है।

वहीं रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। घायलों को दूसरे ऑटो के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।

Leave a Comment