खाद लेकर गांव लौट रहे बाइक सवार की हादसे में मौत, मंठार रोड पर दो बाइकों की भिड़ंत

उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली- मंठार मार्ग पर बरम टोला के पास शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बरम टोला मुदरिया निवासी 50 वर्षीय धनराज सिंह पिता महिपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि धनराज सिंह बिरसिंहपुर पाली से खाद लेकर अपनी मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बरम टोला के पास उनकी मोटरसाइकिल सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी तेज थी कि धनराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। वहीं घायल गुलाब सिंह को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरसिंहपुर पाली पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए शहडोल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों मोटरसाइकिलों की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।

पाली थाना प्रभारी गोविंद सिंह धुर्वे ने बताया कि मंढार रोड पर दो मोटरसाइकिलों में भिड़ंत हुई है। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है। वहीं गंभीर रूप से घायल गुलाब सिंह को बेहतर उपचार के लिए शहडोल भेजा गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Comment