बर्फीली हवाओं को चीर 18,510 फीट की ऊंचाई पर पहुंचीं MP पुलिस की वर्षा, माउंट एल्ब्रस पर लहराया तिरंगा
जबलपुर। मध्य प्रदेश पुलिस की महिला आरक्षक वर्षा पटेल ने अदम्य साहस और बुलंद हौसले की मिसाल पेश करते हुए यूरोप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एल्ब्रस को फतह कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वर्षा ने 21 अगस्त की सुबह 9:07 बजे 18,510 फीट की ऊंचाई पर स्थित एल्ब्रस के शिखर पर पहुंचकर तिरंगा और मध्य प्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया।
बर्फीली हवाओं, खराब मौसम और कड़ाके की ठंड के बीच वर्षा ने अपने मजबूत इरादों के दम पर यह चुनौतीपूर्ण अभियान पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल मध्य प्रदेश पुलिस, बल्कि पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
राष्ट्रीय स्तर की बेसबॉल खिलाड़ी रह चुकीं वर्षा अब तक 10 से अधिक पदक अपने नाम कर चुकी हैं। इससे पहले वर्ष 2024 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की सर्वोच्च चोटी माउंट कोज़ियास्को पर भी तिरंगा फहराकर देश का मान बढ़ाया था।
वर्षा पटेल का सपना अब और भी ऊंचा है। वह सातों महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों पर तिरंगा फहराने के लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रही हैं। उनका अगला पड़ाव अफ्रीका की सर्वोच्च चोटी माउंट किलिमंजारो है।
वर्षा की यह सफलता बताती है कि मंजिल कितनी भी ऊंची क्यों न हो, मजबूत संकल्प और साहस के सामने हर चुनौती छोटी पड़ जाती है।