सिहावल में गांजे की खेप लेकर पहुंचे दो युवक पुलिस के हत्थे चढ़े
2 किलो 94 ग्राम गांजा और एक्टिवा समेत ₹1.03 लाख का मसरूका जब्त
सीधी जिले के सिहावल क्षेत्र मे नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए सिहावल पुलिस ने ग्राम बल्हया में दो युवकों को गांजे के साथ पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को चौकी प्रभारी सिहावल उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना नंबर की सफेद होंडा एक्टिवा से मऊगंज की तरफ से गांजा लेकर बल्हया पहुंचे हैं और उसे बिक्री करने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को स्कूटी पर दो व्यक्ति बैठे मिले। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी से खाकी रंग के दो पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 2 किलो 94 ग्राम गांजा पाया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी पहचान दिवाकर सिंह उर्फ दीपू पिता केमलभान सिंह उम्र 27 वर्ष तथा राहुल उर्फ सानू पिता मोहम्मद रफीक उम्र 28 वर्ष, दोनों निवासी पहाड़ी, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज के रूप में बताई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
₹1.03 लाख का मसरूका जब्त
2 किलो 94 ग्राम गांजा — ₹28,000
सफेद होंडा एक्टिवा — ₹75,000
कुल कीमत — ₹1,03,000
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
थाना प्रभारी अमिलिया राकेश बैस, चौकी प्रभारी सिहावल SI पुष्पेंद्र सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह, प्रधान आरक्षक अंजनी द्विवेदी, आरक्षक राहुल सिंह एवं आरक्षक सतीश कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीधी–सिहावल रिपोर्टर — राजबहोर केवट