20 फीट गहरे कुएं में गिरी गाय को 15 लोगों ने बचाया, चार घंटे चले रेस्क्यू के बाद क्रेन से निकाला गया सुरक्षित
सीधी। जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टिकरी में मानवता और गौसेवा की मिसाल देखने को मिली। रविवार शाम भटकते हुए एक गाय अचानक करीब 20 फीट गहरे कुएं में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गाय को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सोमवार सुबह से ही रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, जो करीब चार घंटे तक चला।
सुबह लगभग 8 बजे से ग्रामीणों ने रस्सियों के सहारे गाय को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। लगातार कोशिशों के बावजूद सफलता नहीं मिली। इस दौरान समाजसेवी विनय मिश्रा को जैसे ही घटना की सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्वयं के व्यय से रेस्क्यू की व्यवस्था कराई। उन्होंने ग्रामीणों को एकजुट कर गाय को बचाने का अभियान तेज कराया।
रेस्क्यू टीम में करीब 15 लोग शामिल रहे। इनमें से दो युवक अपनी जान जोखिम में डालते हुए कुएं के अंदर पानी में उतरे और गाय को रस्सियों से सुरक्षित बांधने का प्रयास किया। कई बार कोशिश करने के बाद भी जब गाय को बाहर निकालना संभव नहीं हुआ, तब क्रेन मंगाने का निर्णय लिया गया।
इसके बाद क्रेन की सहायता से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और आखिरकार दोपहर करीब 12 बजे गाय को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। जैसे ही गाय बाहर निकली, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और सभी ने रेस्क्यू टीम की सराहना की।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रयास नहीं किए जाते, तो गाय की जान जा सकती थी। समाजसेवी विनय मिश्रा ने कहा कि जीवों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी बेजुबान को संकट में देखकर हर व्यक्ति को आगे आना चाहिए।
ग्राम टिकरी में चला यह रेस्क्यू अभियान मानवता, सहयोग और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया। ग्रामीणों की एकजुटता और समाजसेवी के सहयोग से एक बेजुबान की जान बच गई, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

