खड्डी में कुएं से 21 वर्षीय महिला का शव बरामद, शादी के चार महीने बाद मौत से मचा हड़कंप
पति से विवाद की बात सामने आई, मायके पक्ष के रिश्तेदार के घर रह रही थी महिला; पुलिस ने आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से शुरू की जांच
सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत खड्डी चौकी के ग्राम चकडौर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कुएं में 21 वर्षीय महिला का शव तैरता हुआ मिला। सूचना मिलने के बाद खड्डी चौकी प्रभारी नीरज साकेत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुर नैकिन अस्पताल भेज दिया है।
मृतका की पहचान हिना पनिका, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हिना की शादी करीब चार महीने पहले बाणसागर निवासी कमल पनिका के साथ हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। परिजनों के अनुसार विवाद के चलते हिना कुछ समय से अपने मामा दिनेश पनिका के यहां रह रही थी।
मृतका के मामा दिनेश पनिका ने पुलिस को बताया कि परिवार के सभी लोग रात में घर पर सो रहे थे। सुबह उठने पर हिना घर में नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो करीब 11 बजे परिवार के लोग पानी भरने के लिए कुएं की ओर गए। इसी दौरान कुएं में हिना का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि हिना का पति उसे फोन पर गाली-गलौज करता था और कथित तौर पर परेशान करता था। परिवार के अनुसार वह कभी-कभी यहां आकर भी हिना से विवाद करता था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है।
आत्महत्या या हत्या? जांच में जुटी पुलिस
खड्डी चौकी प्रभारी नीरज साकेत ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। महिला की मौत आत्महत्या है या फिर हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, परिजनों के बयान और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।