एसडीएम समेत 27 लोगों ने किया रक्तदान, विधायक टेकाम ने बढ़ाया रक्तदाताओं का हौसला

एसडीएम समेत 27 लोगों ने किया रक्तदान, विधायक टेकाम ने बढ़ाया रक्तदाताओं का हौसला

सेवा समर्पण अभियान के तहत कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर आयोजित, व्यापारी एकता संघ ने रक्तदाताओं को वितरित किए फल

सीधी जिले के कुसमी में सेवा समर्पण अभियान के तहत गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुसमी एसडीएम सागर दिलीप जैन समेत खंड स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों सहित कुल 27 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदान शिविर में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने पहुंचकर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और रक्तदान करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

एसडीएम के रक्तदान के बाद बढ़ा उत्साह

शिविर में एसडीएम सागर दिलीप जैन द्वारा रक्तदान किए जाने के बाद खंड स्तरीय कर्मचारियों एवं ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। एसडीएम के रक्तदान से प्रेरित होकर अन्य लोगों ने भी आगे बढ़कर रक्तदान किया। शिविर में सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा, मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, सरपंच मकरंद सिंह विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष संतोष गर्ग पत्रकार अमित श्रीवास्तव डॉ. सुप्रिया सिंह, डॉ. अमित सिंह सहित अन्य लोगों ने रक्तदान किया।

दो घंटे से अधिक समय तक विधायक ने लिया जायजा

धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम रक्तदान शिविर में दो घंटे से अधिक समय तक मौजूद रहे। उन्होंने रक्तदाताओं से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। रक्तदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें, इसके लिए विधायक ने चिकित्सकों से लगातार जानकारी प्राप्त की।

जिला अस्पताल से विशेष वाहन के माध्यम से स्वास्थ्य टीम रक्तदान शिविर में पहुंची थी। वहीं, कुसमी स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा रक्तदाताओं के लिए फ्रूटी, चाय, बिस्किट एवं पानी की व्यवस्था की गई। डॉ. सुप्रिया सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

व्यापारी एकता संघ ने फल वितरित कर बढ़ाया मनोबल

रक्तदान करने वाले युवाओं एवं अन्य रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए व्यापारी एकता संघ कुसमी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता द्वारा फल वितरित किए गए। उन्होंने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और समाजहित में किए गए इस सेवा कार्य की सराहना की।

कुसमी की मेडिकल टीम रही उपस्थित

रक्तदान शिविर में कुसमी स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम एवं स्टाफ की उपस्थिति रही। शिविर को सफल बनाने में डॉ. सुप्रिया सिंह, अमृत सिंह, प्रदीप सिंह, सीएल साकेत, सुभाष सोनी, अंजू मौर्य, शाहरूख खान, संतोष चंदेल, पवन साकेत, धर्मेंद्र साकेत, राजकुमार यादव, वीरेंद्र पनिका, शिवकुमार, सरला सिंह, सरल पटेल, सुभाष पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का सहयोग रहा।

शिविर के दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग एवं ग्रामीणों की सहभागिता से रक्तदान के प्रति जागरूकता और सेवा भावना को बढ़ावा मिला।

Leave a Comment