---Advertisement---

दिनदहाड़े कार का कांच तोड़कर उड़ाए 40 हजार, बैंक के बाहर वारदात से मचा हड़कंप

Tapas Gupta

By Tapas Gupta

Updated on:

---Advertisement---

दिनदहाड़े कार का कांच तोड़कर उड़ाए 40 हजार, बैंक के बाहर वारदात से मचा हड़कंप

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां सोमवार दोपहर बैंक के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाकर चोरों ने 40 हजार रुपए पार कर दिए। वारदात इतनी तेजी और सफाई से अंजाम दी गई कि किसी को भनक तक नहीं लगी।

जानकारी के मुताबिक चंदवार निवासी राजेश गुप्ता अपने भतीजे की शादी के सिलसिले में रकम निकालने शहर आए थे। वे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की उमरिया शाखा से 70 हजार रुपए निकालकर बाहर निकले। एहतियात के तौर पर उन्होंने पूरी रकम एक साथ न रखकर दो अलग अलग बैग में रखी और कार के अंदर सुरक्षित समझकर छोड़ दी। इसके बाद वे आरटीजीएस से जुड़ी जानकारी लेने के लिए दोबारा बैंक के भीतर चले गए।

कुछ ही मिनटों बाद जब वे वापस लौटे तो नजारा देख दंग रह गए। कार का एक साइड का कांच टूटा हुआ था। अंदर रखा बैग खुला पड़ा था और नोट इधर उधर बिखरे थे। गिनती करने पर पता चला कि कुल 70 हजार में से 40 हजार रुपए गायब थे। चोर बाकी रकम छोड़कर फरार हो चुके थे। माना जा रहा है कि आरोपियों ने पहले से बैंक परिसर पर नजर रखी हुई थी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

दिनदहाड़े बैंक के बाहर हुई इस घटना से शहरवासियों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में चोरी की वारदातों में इजाफा हुआ है। खासतौर पर बैंक और बाजार क्षेत्रों में सक्रिय गिरोहों पर पुलिस को कड़ी नजर रखनी होगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी रकम निकालने के बाद उसे वाहन में बिना निगरानी न छोड़ें और सतर्कता बरतें। फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

Tapas Gupta

Tapas Gupta

मै तपस गुप्ता 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मो-7999276090

---Advertisement---
Share & Earn