बिजली के पोल की स्टे में उतरा करंट बना काल, युवक की मौके पर मौत; पैंट की जेब से मिलीं गांजे की 5 पुड़िया

बिजली के पोल की स्टे में उतरा करंट बना काल, युवक की मौके पर मौत; पैंट की जेब से मिलीं गांजे की 5 पुड़िया

सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़रा में सोमवार सुबह करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बिजली के पोल में लगी स्टे में कथित तौर पर करंट प्रवाहित हो रहा था। इसकी चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।

मृतक की पहचान मान खान, पिता कलुआ खान, निवासी पुरानी सीधी, थाना कोतवाली सीधी के रूप में बताई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 8 बजे मान खान ग्राम पड़रा में मौजूद थे। इसी दौरान वह बिजली के पोल की स्टे के संपर्क में आ गए। स्टे में करंट प्रवाहित होने के कारण उन्हें जोरदार विद्युत झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस और विद्युत विभाग को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर बिजली के पोल की स्टे में करंट कैसे प्रवाहित हुआ। विद्युत विभाग की व्यवस्था में किसी तरह की तकनीकी खराबी थी या अन्य कारणों से स्टे में करंट आया, इसकी जांच की जा रही है।

वहीं, पुलिस की कार्रवाई के दौरान मृतक की पैंट की जेब से गांजे की पांच पुड़िया मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस द्वारा गांजे की पुड़ियों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, गांजा मृतक के पास कैसे पहुंचा था और इसका घटना से कोई संबंध है या नहीं, यह फिलहाल जांच का विषय है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और विद्युत विभाग की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Comment