डढ़िया में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 6 लोग घायल,तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

डढ़िया में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 6 लोग घायल,तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

बहरी थाना क्षेत्र में दोपहर 3 बजे हुआ हादसा, 108 एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल सीधी में कराया गया भर्ती

सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डढ़िया में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार कुल छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों बाइकों पर तीन-तीन लोग सवार थे। स्थानीय व्यक्ति निमेष सोनी ने बताया कि दोनों बाइक आमने-सामने से आ रही थीं और उनकी गति काफी तेज थी। इसी दौरान डढ़िया गांव के पास दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की सहायता से सभी छह घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। फिलहाल घायलों की चोटों और उनकी स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

इधर घटना की सूचना बहरी पुलिस को भी दी गई। बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि डढ़िया में दो बाइकों की टक्कर होने की जानकारी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर तेज गति से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं और बाइक चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। खासतौर पर बाइक पर क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने से बचने की भी आवश्यकता है।

Leave a Comment