9 साल बाद नए भवन में पहुंचा “कैलाश स्वर्ण तीर्थ” वृद्ध आश्रम, सांसद-प्रशासन ने बुजुर्गों संग किया भोजन
सीधी जिले के पनवार क्षेत्र में सोमवार को “कैलाश स्वर्ण तीर्थ वृद्ध आश्रम” का भव्य शुभारंभ किया गया। वर्षों से सेवा कार्य कर रहा यह आश्रम अब नए और विस्तृत भवन में संचालित होगा। कार्यक्रम दोपहर करीब 2 बजे आयोजित हुआ, जहां सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का अनूठा दृश्य देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, यह वृद्ध आश्रम पिछले 9 वर्षों से मझौली जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम ताला में संचालित था। अब इसे बेहतर सुविधाओं और व्यवस्थित व्यवस्था के साथ पनवार में स्थानांतरित किया गया है। शुभारंभ के दौरान आश्रम में रह रहे 25 बुजुर्गों को विधिवत उनके नए कमरों में प्रवेश कराया गया। नए परिसर में बुजुर्गों के रहने, भोजन, स्वास्थ्य और देखभाल की बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं।
कार्यक्रम में सीधी सांसद Dr. Rajesh Mishra, भाजपा जिला अध्यक्ष Dev Kumar Singh Chauhan सहित कई समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के साथ बैठकर भोजन किया और उनका हालचाल जाना। इस दौरान बुजुर्गों के चेहरे पर अपनापन और सम्मान मिलने की खुशी साफ दिखाई दी।
सीधी कलेक्टर Vikas Mishra ने कहा कि समाज में ऐसे कई वृद्ध हैं जिन्हें सहारे और देखभाल की जरूरत होती है। ऐसे में यह वृद्ध आश्रम उनके लिए एक मजबूत सहारा साबित होगा। उन्होंने आश्रम संचालकों को सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित और मानवीय भावनाओं के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
वहीं एनजीओ संचालक Shivamani Tiwari ने बताया कि आश्रम में फिलहाल 50 वृद्धों के रहने की क्षमता है, जबकि अभी 25 बुजुर्ग यहां निवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आश्रम में हर बुजुर्ग को परिवार जैसा माहौल देने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई कि वे यहां आकर वृद्धजनों की सेवा में सहयोग करें।

