छात्रों की मांग पर विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने लगाई काम की मुहर, नरगी से महखोर तक बनेगी सड़क
सीधी/मझौली। मझौली जनपद पंचायत अंतर्गत नारगी से महखोर पहुंच मार्ग तक बदहाल और कीचड़युक्त सड़क की समस्या अब जल्द दूर होने की उम्मीद है। सड़क की बदहाली को लेकर छात्र-छात्राओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मीडिया ने भी इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। वीडियो में छात्राएं हाथों में चप्पल लेकर कीचड़ भरे रास्ते से गुजरती नजर आई थीं और उन्होंने क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह टेकाम से सड़क निर्माण की मांग की थी।
कुसमी में तिरंगा यात्रा के समापन के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने सड़क निर्माण को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की है। विधायक के अनुसार, सड़क निर्माण में कुछ निजी भूमि आने के कारण पहले परेशानी थी, लेकिन भूमि मालिकों से बातचीत के बाद सहमति बनने की स्थिति सामने आई है।
विधायक ने बताया कि फिलहाल मजिगवां ग्राम पंचायत के सरपंच से भी चर्चा हुई है। पंचायत अपने स्तर पर बरसात के दौरान सड़क को आवागमन योग्य बनाने का प्रयास कर सकती है। इसके बाद ग्राम पंचायत की ओर से प्रस्ताव आने पर सड़क के स्थायी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
विधायक टेकाम ने छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि यदि निजी भूमि से जुड़ी कोई नई बाधा नहीं आती है तो अगली बरसात में ग्रामीणों और विद्यार्थियों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए संबंधित सभी पक्षों की सहमति जरूरी होती है। छात्र-छात्राओं की सुविधाओं को लेकर भी वे लगातार प्रयासरत हैं और विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्मार्ट तकनीक से युक्त विद्यालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए बेहतर सड़क सुविधा भी जरूरी है।
विधायक के इस आश्वासन के बाद नारगी-महखोर मार्ग के विद्यार्थियों और ग्रामीणों में सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है। अब ग्रामीणों की नजर पंचायत के प्रस्ताव और निर्माण कार्य की आगामी प्रक्रिया पर है।