---Advertisement---

प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल, उमरिया जिले के ब्लॉक अध्यक्ष घोषित

Tapas Gupta

By Tapas Gupta

Published on:

---Advertisement---

प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल, उमरिया जिले के ब्लॉक अध्यक्ष घोषित

उमरिया तपस गुप्ता 

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी के अनुमोदन के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में नए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इस क्रम में उमरिया जिले के अंतर्गत आने वाले सभी ब्लॉकों और उपब्लॉकों के लिए भी नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। कांग्रेस संगठन ने इसे जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम बताया है।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नियुक्ति आदेश जारी करते हुए कहा कि ये सभी पदाधिकारी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन एवं मंशानुसार कार्य करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों से अपेक्षा की गई है कि वे पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और संगठनात्मक अनुशासन का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे तथा ब्लॉक स्तर पर संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाएंगे।

 

उमरिया जिले में बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत करकेली ब्लॉक की जिम्मेदारी ऐसोराम सिंह राठौर को सौंपी गई है। उमरिया ब्लॉक में संतोष सिंह को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं चंदिया उपब्लॉक की कमान मनोज द्विवेदी को दी गई है। बिलासपुर उपब्लॉक में सतेन्द्र सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नौरोजाबाद उपब्लॉक की जिम्मेदारी रमेश सिंह परस्ते को सौंपी गई है।

 

मानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बिरसिंहपुर पाली ब्लॉक में रवि मिश्रा को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मानपुर ब्लॉक की जिम्मेदारी रोशनी सिंह को दी गई है, जबकि इंदवार उपब्लॉक में गौरीशंकर को कांग्रेस संगठन का नेतृत्व सौंपा गया है।

 

कांग्रेस नेताओं का मानना है कि इन नियुक्तियों से जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी ने ब्लॉक स्तर पर सक्रिय और अनुभवी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर जनसंपर्क और जनआंदोलन को और मजबूत करने की रणनीति अपनाई है। नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की जा रही है कि वे सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे और कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करेंगे।

Tapas Gupta

Tapas Gupta

मै तपस गुप्ता 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मो-7999276090

---Advertisement---
Share & Earn