Mpnews:पड़ोसी ही निकले भरोसे के चोर! बुजुर्ग के घर से चोरी का सनसनीखेज खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार, 20 हजार का माल बरामद
Mpnews:मऊगंज जिले के नईगढी थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग के घर हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। हैरानी की बात यह रही कि जिस पड़ोसी पर कभी किसी को शक नहीं हुआ, वही पति-पत्नी इस चोरी के पीछे निकले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 हजार रुपए का चोरी किया गया घरेलू सामान बरामद कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह परिहार एवं एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना नईगढी पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक जगदीश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और जमीनी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
Mpnews:घटना 11 और 12 दिसंबर की दरमियानी रात की है। नईगढी वार्ड क्रमांक-11 निवासी 65 वर्षीय अस्ताब खान के घर अज्ञात चोरों ने किचन का दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से बर्तन, पंखा, कुर्सियां समेत अन्य जरूरी घरेलू सामान उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित बुजुर्ग ने थाना नईगढी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को संदेह की सुई फरियादी के ही पड़ोसी पर जाकर टिक गई। शुक्रवार को पुलिस ने वार्ड क्रमांक-11 निवासी रावेन्द्र सिंह उर्फ कान्हा सिंह (31) और उसकी पत्नी कोमल सिंह (21) से पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में दोनों टूट गए और चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर जब्त कर लिया गया।
बरामद सामान में 5 बड़े भगोने, 1 तवा, 1 कढ़ाई, 1 कुकर, 1 पंखा, 2 बाल्टी और 3 कुर्सियां शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा सहित थाना नईगढी पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की त्वरित और सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
