सहकारी बैंक परिसर से बुजुर्ग किसान का पैसों से भरा थैला चोरी, CCTV में कैद हुआ आरोपी
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले में दिनदहाड़े सहकारी बैंक परिसर के भीतर चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। धान उपार्जन की रकम निकालने बैंक पहुंचे एक बुजुर्ग किसान का पैसों से भरा थैला अज्ञात चोर ने बड़ी सफाई से पार कर दिया। घटना के बाद बैंक परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 82 वर्षीय मनबोध साहू, निवासी उमरिया, सहकारी बैंक में अपनी धान उपार्जन की राशि निकालने आए थे। बैंक से उन्हें कुल 40 हजार रुपये मिले, जिसे उन्होंने अपने थैले में सुरक्षित रखा। इसके बाद वे बैंक परिसर में ही किसी कर्मचारी से जरूरी जानकारी लेने लगे। इसी दौरान पहले से परिसर में मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर उनका थैला चुरा लिया।
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग किसान को इस बात का आभास तक नहीं हुआ कि कब उनका थैला गायब हो गया। कुछ देर बाद जब उन्होंने अपना थैला तलाशा तो वह नहीं मिला। घबराए किसान ने तुरंत बैंक कर्मियों को इसकी जानकारी दी। बैंक प्रबंधन ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति थैला लेकर बाहर जाते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। कोतवाली पुलिस का कहना है कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद बैंक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। दिन के समय, वह भी बैंक जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर चोरी की वारदात से आम लोगों में भय का माहौल है। खासकर किसान और बुजुर्ग ग्राहक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बैंक परिसर में सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाई जाए और संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि बैंक में लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
