Sidhi news:पूर्व सांसद गोविंद मिश्र के पिताश्री हनुमान प्रसाद मिश्र का निधन, अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब
Sidhi news:लोकसभा क्षेत्र सीधी के पूर्व भाजपा सांसद गोविंद मिश्र के पिताश्री, चुरहट क्षेत्र के वरिष्ठ एवं सम्मानित व्यक्तित्व हनुमान प्रसाद मिश्र (आयु 104 वर्ष) का 13 जनवरी की रात्रि भोपाल में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे चुरहट क्षेत्र सहित जिले और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
पिताश्री का पार्थिव शरीर भोपाल से उनके पैतृक ग्राम कोष्टा (चुरहट) लाया गया, जहां सुबह से ही अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर आंख नम थी और पूरा गांव शोक में डूबा नजर आया।
अंतिम यात्रा में समाज के हर वर्ग के लोग—बुजुर्ग, युवा, जनप्रतिनिधि और आमजन—बड़ी संख्या में शामिल हुए। दाह संस्कार के दौरान सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्र भी प्रातःकाल से उपस्थित रहे और पूरे संस्कार तक परिवार के साथ खड़े रहे।
पिताश्री हनुमान प्रसाद मिश्र को मुखाग्नि उनके सुपुत्र पूर्व सांसद गोविंद मिश्र ने दी।
अपने सौम्य स्वभाव, सामाजिक योगदान और सरल व्यक्तित्व के कारण वे चुरहट क्षेत्र में अत्यंत सम्मानित माने जाते थे।
उनके निधन से न केवल मिश्र परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति पहुंची है। अंतिम यात्रा में उमड़ी अपार भीड़ इस बात का प्रमाण रही कि वे जनमानस में कितने लोकप्रिय और आदरणीय थे।
