‘अगर बंगाल में BJP नहीं जीती तो देश की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी’, शाह ने ममता के खिलाफ खोला मोर्चा
बैरकपुर: पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बैरकपुर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.BJP के अमित शाह ने शनिवार को घुसपैठ के मुद्दे पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला.
शनिवार को एक कार्यकर्ता सम्मेलन में अमित शाह ने दावा किया कि, अगर पश्चिम बंगाल में BJP की सरकार नहीं बनी, तो देश की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी. बंगाल में घुसपैठ की समस्या पर बात करते हुए शाह ने आगे कहा, ममता दीदी ने ‘मां-माटी-मानुष’ की बात करके सरकार बनाई थी. लेकिन अब बंगाल में घुसपैठियों का बोलबाला है.
शाह ने कहा कि, ‘मां, जमीन और लोगों’ का सम्मान करने के लिए पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बननी चाहिए. उन्होंने कहा कि, बंगाल में भाजपा की सरकार न सिर्फ पश्चिम बंगाल के लिए जरूरी है, बल्कि जिस तरह से घुसपैठिए राज्य में घुस रहे हैं, उससे पूरे देश की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है. शाह ने दावा किया कि हाई कोर्ट में राज्य सरकार को झटका लगा है.
घुसपैठ पर अपनी बात को और बढ़ाते हुए शाह ने कहा कि, ममता बनर्जी बॉर्डर पर फेंसिंग के लिए जमीन नहीं दे रही हैं. इस वजह से फेंसिंग पूरी नहीं हो पा रही है. उन्होंने कहा कि, इसका फायदा उठाकर घुसपैठिए बंगाल में घुस रहे हैं.
अमित शाह ने कहा कि, उन्होंने संसद में जमीन से जुड़ी दिक्कतों के बारे में बात की है. अब, कलकत्ता हाई कोर्ट ने भी कहा है कि 31 मार्च तक बीएसएफ को जमीन दे देनी चाहिए. शाह ने कहा कि, इससे पता चलता है कि ममता बनर्जी जमीन देने में सहयोग नहीं कर रही हैं और वह घुसपैठियों को भी नहीं रोक रही हैं.शाह ने कहा, “लेकिन यह मत सोचिए कि हाई कोर्ट के फ़ैसले के बाद भी ममता जमीन देंगी, क्योंकि घुसपैठिए उनका वोट बैंक हैं. शाह ने आगे कहा कि, अगर ममता बनर्जी 31 मार्च तक जमीन दे देती हैं, तो अच्छा है… नहीं तो, BJP के मुख्यमंत्री मई में सारा जरूरी काम कर देंगे.
वहीं, शाह ने ममता बनर्जी पर मतुआ समुदाय को डराने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “ममता दीदी मतुआ लोगों के साथ डर की राजनीति कर रही हैं. अमित शाह ने मतुआ और नामशूद्र समुदाय के लोगों से कहा कि, वह इस सार्वजनिक कार्यक्रम में कहना चाहते हैं कि, उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि, उनके वोट को ममता बनर्जी छू नहीं सकतीं. शाह ने मतुआ और नामशूद्र समाज के लोगों को आश्वसत किया.
अपने भाषण की शुरुआत में, शाह ने आनंदपुर में मोमो फैक्ट्री में लगी आग में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी. केंद्रीय गृह मंत्री ने सवाल किया कि फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि इस हादसे के लिए न्याय होना चाहिए, और सबसे पहले जिम्मेदार व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाना चाहिए. शाह ने इस पर सीएम ममता बनर्जी पर सीधा हमला करते हुए उन्होंने कहा, वह जितना चाहें दोषियों को बचा सकते हैं. बीजेपी की सरकार अप्रैल में सत्ता में आएगी और दोषियों को गिरफ्तार करेगी.

