Sidhi news:सीधी कलेक्ट्रेट से 100 मीटर दूर ‘मोदी जी होश में आओ’ के पोस्टर, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
Sidhi news:सीधी जिले में प्रशासनिक लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर शासकीय भवनों, निजी भवनों और बाउंड्री वॉल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्टर खुलेआम लगे हुए हैं। इन पोस्टरों में “मोदी जी होश में आओ” जैसे नारे लिखे हैं, जो बीते तीन से चार दिनों से लगातार उसी तरह चस्पा हैं, लेकिन अब तक न तो प्रशासन और न ही नगर पालिका द्वारा इन्हें हटाने की कोई कार्रवाई की गई है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिन स्थानों पर ये पोस्टर लगाए गए हैं, वहां से प्रतिदिन जिले के आला अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों का आना-जाना होता है। इसके बावजूद किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या नगर पालिका के कर्मचारियों ने इन्हें हटाना जरूरी नहीं समझा। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या यह लापरवाही है या फिर जानबूझकर की गई अनदेखी।
Sidhi news:जानकारी के अनुसार, कई शासकीय परिसरों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर भी ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं। इसके अलावा कुछ जगहों पर “यूजीसी काला कानून वापस लो” जैसे पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे और आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखी गई हैं। यह पूरा मामला न सिर्फ कानून-व्यवस्था से जुड़ा है, बल्कि प्रशासनिक जिम्मेदारी और निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
जब इस पूरे मामले में सीधी कलेक्टर स्वरोचिस सोमवंशी से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझा। वहीं नगर पालिका की सीएमओ मिनी अग्रवाल से जब इस संबंध में सवाल किया गया, तो उन्होंने किसी भी तरह का बयान देने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह इस पर कुछ नहीं कहेंगी।
सवाल यह उठता है की प्रशासन कब जागेगा।
