मध्य प्रदेश के कर्मचारियों का बढ़ेगा DA, मोहन यादव सरकार होली से पहले भरेगी झोली
भोपाल: मध्य प्रदेश के साढ़े 7 लाख कर्मचारियों का महंगाई भत्ते DA को लेकर इंतजार जल्द खत्म होने जा रहा है. राज्य सरकार इस माह कर्मचारियों को 3 फीसदी महंगाई भत्ते की सौगात देने की तैयारी कर रही है. इसके बाद प्रदेश के कर्मचारियों का महंगाई भत्त केन्द्र के समान 58 फीसदी हो जाएगा. कर्मचारियों का महंगाई भत्त बढ़ाए जाने का ऐलान राज्य सरकार ने दीपावली के पहले ही कर दिया था. माना जा रहा है कि बजट के पहले राज्य सरकार महंगाई भत्ता दिए जाने पर फैसला कर सकती है.
बजट सत्र के दौरान सरकार जारी कर सकती है आदेश
मध्य प्रदेश सरकार ने अप्रैल 2025 को प्रदेश के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता केन्द्र के समान 55 फीसदी करने का ऐलान किया था. इसका ऐलान मुख्यमंत्री ने राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रांतीय सम्मेलन में किया था. घोषणा तो हुई, लेकिन इसके आदेश पूरे साल खत्म होने तक नहीं निकल सके. हालांकि अब राज्य सरकार 16 फरवरी से शुरू होने जा रहे बजट सत्र के दौरान इसे लेकर अंतिम फैसला कर सकती है. इसको लेकर वित्त विभाग तैयारी कर रहा है.
कब मिलता है महंगाई भत्ता
मध्य प्रदेश के कर्मचारियों को केन्द्रीय कर्मचारियों के बाद ही महंगाई भत्ते DA का लाभ मिलता है. केन्द्रीय कर्मचारियों को साल में 2 बार महंगाई भत्ता दिया जाता है. आमतौर पर यह 1 जनवरी और 1 जुलाई से प्रभावी होता है. पहला महंगाई भत्ता जनवरी से मार्च के दौरान और दूसरा सितंबर से अक्टूबर के दौरान दिया जाता है.
प्रदेश में कब-कब बढ़ा महंगाई भत्ता
राज्य सरकार साल में 2 बार सरकारी कर्मचारी और अधिकारियों के महंगाई भत्ते DA में बढ़ोत्तरी करती है. देखा जाए तो पिछले 4 सालों में कर्मचारी-अधिकारियों के महंगाई भत्ते में करीबन 35 फीसदी की बढ़ोत्तरी हो चुकी है.
21 मार्च 2022 को कर्मचारी-अधिकारियों के महंगाई भत्ते में 11 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई है. इसके बाद यह बढ़कर 20 से 31 फीसदी हो गया था.
22 अगस्त 2022 को महंगाई भत्ते में 3 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई थी. इसके बाद यह 31 फीसदी से बढ़कर 34 फीसदी हो गया था.
27 जनवरी 2023 को कर्मचारी-अधिकारियों का महंगाई भत्ता 4 फीसदी बढ़ाया गया. यह बढ़कर 34 से 38 फीसदी हो गया.
19 जुलाई 2023 को फिर महंगाई भत्ते में 4 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई. यह बढ़कर 38 से 42 फीसदी पहुंच गया.
14 मार्च 2024 को महंगाई भत्ते में 4 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई. यह 42 फीसदी से बढ़कर 46 फीसदी हो गया.
28 अक्टूबर 2024 को महंगाई भत्ता फिर 4 फीसदी बढ़ाया गया और यह बढ़कर 50 फीसदी हो गया.
8 मई 2025 को राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता 5 फीसदी बढ़ाया और इसके बाद यह बढ़कर 55 फीसदी पहुंच गया.
