Sidhi news:अवैध रेत परिवहन पर कुसमी पुलिस का शिकंजा,ट्रैक्टर सहित 6 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
Sidhi news:सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर को रेत सहित पकड़कर जब्त किया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना के आधार पर देर रात की गई, जिससे क्षेत्र में खनिज माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया।
वही प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीधी जिले के कुसमी पुलिस को सूचना मिली थी कि गोपट नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने रास्ते में एक ट्रैक्टर को रोककर जांच की, जिसमें रेत लदी पाई गई।
जहा वाहन चालक की पहचान राजेश सिंह, पिता कल्याण सिंह गोंड़ के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि वह गोपट नदी से रेत लेकर टमसार छात्रावास में चल रहे निर्माण कार्य के लिए जा रहा था। हालांकि, चालक द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज संतोषजनक नहीं पाए गए, जिसके चलते पुलिस ने इसे अवैध परिवहन मानते हुए ट्रैक्टर और रेत को जब्त कर लिया।
वही पुलिस के अनुसार, जब्त ट्रैक्टर एवं रेत की कुल अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 303(2) एवं 317(5) के तहत तथा 4/21 खनिज अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Sidhi news:इस पूरी कार्रवाई में एएसआई नंद प्रकाश सिंह, कमलेश प्रजापति, आरक्षक दिनकर द्विवेदी एवं चूड़ामणि सिंह की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और सूझबूझ की प्रशंसा की है।
कुसमी थाना पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ एक सशक्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
