Sidhi news:नागरिकों से संवाद बढ़ाएं, संवेदनशीलता के साथ कार्य करें- कलेक्टर
Sidhi news:सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में विकासखंड सीधी की समीक्षा बैठक जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत सेवाओं, संकल्प से समाधान अभियान तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन में पारदर्शिता, सकारात्मक कार्यसंस्कृति और जनविश्वास बढ़ाने वाला वातावरण तैयार करना सभी की जिम्मेदारी है।
Sidhi news:सीधी कलेक्टर सोमवंशी ने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में प्रशासनिक कार्यों को आठ प्रमुख सेक्टरों में विभाजित कर सुशासन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में ही प्रदान हों। उन्होंने संकल्प से समाधान अभियान के तहत चिन्हित 106 जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर ने टीम वर्क, विभागीय समन्वय, नागरिकों से सतत संवाद और संवेदनशीलता को प्रशासन की सफलता का आधार बताते हुए कहा कि प्रत्येक शासकीय सेवक का आचरण सद्भावनापूर्ण एवं जनहितकारी होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर समस्याओं का समाधान करने, नवाचार अपनाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रशासन की सकारात्मक छवि निर्मित करने के लिए प्रेरित किया।
Sidhi news :बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, उपखंड अधिकारी गोपद बनास श्री राकेश शुक्ला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री चंदूलाल पनिका, तहसीलदार श्री राकेश शुक्ला, नायब तहसीलदार सुश्री एकता शुक्ला सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य आधारित एवं परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए गए।
