Sidhi news:शिक्षा के साथ खेल जरूरी, सर्वांगीण विकास का आधार – विधायक रीती पाठक
Sidhi news:पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट में “फुटबॉल फॉर स्कूल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सीधी जिले के चयनित 140 विद्यालयों को मुख्य अतिथि विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक के करकमलों से फुटबॉल वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने मां सरस्वती जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया तथा अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
विधायक श्रीमती पाठक ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा कि “फुटबॉल फॉर स्कूल” जैसे कार्यक्रम बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। खेल केवल शारीरिक मजबूती ही नहीं देते, बल्कि मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेलों में भाग लेने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पढ़ाई और खेल दोनों में संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया।
Sidhi news:श्रीमती पाठक ने नवोदय विद्यालय परिवार एवं जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है, जिससे प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि वे शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से सक्षम और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण नागरिक बन सकें। अंत में उन्होंने शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
यह कार्यक्रम मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन, भारत सरकार तथा नवोदय विद्यालय समिति के कमिश्नर श्री राजेश लखानी (आईएएस), विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी (आईएएस), उप आयुक्त श्री आर.के. वर्मा, सहायक आयुक्त श्री डी.के. सिंह, सहायक आयुक्त श्रीमती दीक्षा ज्योति मिश्रा (क्लस्टर प्रभारी) एवं सहायक आयुक्त डॉ. जरीना कुरैशी के निर्देशन तथा प्राचार्य डॉ. डी.के. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. त्रिपाठी ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय के उन्नयन एवं विकास की जानकारी प्रस्तुत की। विद्यालय कप्तान मास्टर हर्षित द्विवेदी एवं छात्रा कप्तान कु. अनुपमा द्विवेदी ने विद्यालय के समग्र विकास एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
Sidhi news:कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला प्रशासन के साथ जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी.के. सिंह एवं श्री प्रवीण कुमार मिश्रा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। चयनित विद्यालयों से लगभग 140 प्राचार्य एवं शिक्षक एक-एक छात्र के साथ निर्धारित समय पर कार्यक्रम में पहुंचे तथा मुख्य अतिथि के हाथों से फुटबॉल प्राप्त कर स्मृति स्वरूप सभागार में सामूहिक फोटो खिंचवाए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत मां सरस्वती वंदना एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। मधुर संगीत एवं आकर्षक प्रस्तुतियों ने मल्टीपरपज हॉल में उत्साहपूर्ण वातावरण बना दिया।
Sidhi news:कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी उप प्राचार्य श्री सुबोध कुमार तिवारी एवं विद्यालय स्तर पर कार्यक्रम संयोजक श्री रवि पाण्डेय (स्नातक शिक्षक, खेलकूद) ने मुख्य अतिथि, जिले से आए हुए समस्त प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थियों, नोडल विद्यालय परिवार, जिला प्रशासन एवं मीडिया प्रतिनिधियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
