कुसमी पंचायत की सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील, ग्रामीणों ने PCC सड़क की मांग

कुसमी पंचायत की सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील, ग्रामीणों ने PCC सड़क की मांग

कुसमी। सीधी के जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुसमी में सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत भवन के आसपास की सड़क लंबे समय से कीचड़ और गड्ढों में तब्दील है। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार ग्राम पंचायत द्वारा केवल मरम्मत कराकर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन बारिश के बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है।

बदहाल सड़क के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। पंचायत भवन के पास की सड़क पर हादसे की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि अस्थायी मरम्मत के बजाय सड़क का स्थायी समाधान करते हुए PCC सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।

स्टाफ डैम की पंखी बढ़ाने से घरों में घुस रहा पानी

इसी ग्राम पंचायत में पंचायत द्वारा स्टाफ डैम का निर्माण कार्य कराया गया था। ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में डैम की पंखी बढ़ा दी गई, जिसके बाद बारिश के दौरान पानी का बहाव बढ़ गया और साकेत मोहल्ले के कई घरों की ओर पानी पहुंचने लगा। इससे मिट्टी का कटाव भी तेजी से बढ़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण स्थिति गंभीर होती जा रही है और कुछ घरों के गिरने तक की नौबत बन रही है। साकेत मोहल्ले के ग्रामीण इस समस्या को लेकर काफी परेशान हैं।

ग्रामीणों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी एवं एसडीएम कुसमी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सड़क एवं जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Leave a Comment