उमरिया जिले में कांग्रेस की राजनीति उस समय चर्चा में आ गई, जब जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय कोल का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति लड़खड़ाते हुए नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति विजय कोल है और वह कथित तौर पर शराब के नशे में है। हालांकि, वीडियो की सत्यता, व्यक्ति की पहचान और उसके नशे में होने के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो नेशनल हाईवे-43 के किनारे स्थित किसी ढाबे का है। वीडियो में व्यक्ति को लड़खड़ाते हुए चलते और असहज अवस्था में दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि यह वीडियो कब और कहां बनाया गया, इसकी भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यही वजह है कि वायरल वीडियो को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं सोशल मीडिया पर चल रही हैं।
वीडियो सामने आने के बाद उमरिया के राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय कोल का पक्ष जानने के लिए उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। उनकी ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में वायरल वीडियो को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
https://youtube.com/shorts/d1GYtbu_AvE?si=QJmRbrwHFwz4fmzG
मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि उनके पास भी यह वीडियो आया है और उन्होंने इसे आज देखा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में काम करने वाले व्यक्ति का इस तरह का वीडियो सामने आना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यदि वायरल वीडियो में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ही हैं और वीडियो किसी सार्वजनिक स्थान का है, तो यह गंभीर विषय है।
आशुतोष अग्रवाल ने कांग्रेस पर राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें इसमें कोई चौंकाने वाली बात नहीं लगती और यह कांग्रेस की पुरानी संस्कृति रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले में क्या संज्ञान लेती है, इस पर वह कुछ नहीं कह सकते।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। वीडियो की वास्तविकता और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की पुष्टि होने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी। NewsE7Live वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।