स्वतंत्रता दिवस के बाद मातम: स्कूल के खेल मैदान की बबली में डूबे दो बच्चे, दोनों की मौत
रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के दिन दर्दनाक हादसा हो गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ के खेल मैदान में पानी से भरी गहरी बबली में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे दोनों बच्चे स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने स्कूल पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शिव पाठक और सुभाष सोनी खेल मैदान की ओर चले गए। इसी दौरान मैदान में बनी गहरी बबली के पास पैर फिसलने से दोनों पानी में जा गिरे।
हादसे में शिव पाठक की कुछ ही देर बाद मौत हो गई, जबकि सुभाष सोनी को बचाने के प्रयास किए गए। हालांकि, शाम करीब 7 बजे उसकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। हादसे ने स्कूल परिसर में मौजूद ऐसे गहरे जलभराव वाले स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।