ग्रामीणों की सड़क देखने कलेक्टर खुद पहुंचे, बाइक चलाकर लिया 2 किमी तक जायजा
कटनी में ग्रामीणों की सड़क समस्या सुनकर कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को सिर्फ निर्देश देने के बजाय खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम पंचायत अतरसूमा के ग्राम हल्का में बोंदा तिराहा से बसहरा मार्ग की खराब स्थिति की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर सड़क का निरीक्षण किया।
आगे रास्ता बेहद खराब मिलने पर कलेक्टर ने ग्रामीण की मोटरसाइकिल खुद चलाई, जबकि पीछे पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा बैठे। दोनों अधिकारियों ने करीब दो किलोमीटर तक मोटरसाइकिल से सड़क का निरीक्षण कर ग्रामीणों की परेशानी को करीब से समझा।
दरअसल, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत क्षेत्र के भ्रमण के दौरान बोंदा तिराहा के पास ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि बोंदा तिराहा से बसहरा जाने वाला मार्ग मिट्टी और मुरूम का है। बारिश के दौरान मुरूम बह जाने से सड़क कई जगह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
कलेक्टर का यह जमीनी निरीक्षण प्रशासनिक अधिकारियों के लिए भी एक संदेश माना जा रहा है कि ग्रामीणों की समस्याओं को केवल कागजों तक सीमित रखने के बजाय मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति को समझना जरूरी है।