एक हफ्ते से जहरीला सांप घर में बैठा रहा बनकर काल..
सिंगरौली जिले के खुटार इलाके में मंगलवार सुबह एक घर से करीब छह फीट लंबे जहरीले रसेल वाइपर सांप का सफल रेस्क्यू किया गया। बताया जा रहा है कि यह खतरनाक सांप पिछले लगभग एक सप्ताह से मकान के अंदर मौजूद था, जिससे घर में रहने वाला परिवार लगातार दहशत के माहौल में जीवन यापन कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक और उनके परिजन डर के कारण बेहद सतर्कता के साथ घर में रह रहे थे और बाहर निकलने में भी भय महसूस कर रहे थे। मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर एक अनुभवी सर्प रेस्क्यूकर्ता मौके पर पहुंचा और सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए जहरीले सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
रेस्क्यू के दौरान सांप को घड़े में डालकर सुरक्षित किया गया, जिसके बाद उसे मानव बस्ती से दूर जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घटना की सूचना नहीं है। लोगों में चर्चाएं है कि रसेल वाइपर अत्यंत जहरीली प्रजाति का सांप होता है, इसलिए ऐसे मामलों में आम लोगों को खुद से पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए और तुरंत विशेषज्ञ या वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।
इस रेस्क्यू के बाद परिवार सहित आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।

