दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर, केबिन में फंसने के कारण जिंदा जल गया ड्राइवर, दो लोगों की मौत
कोरबा: मंगलवार सुबह कटघोरा अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. हादसे में ट्रक ड्राइवर की केबिन में फंसने से जिंदा जलकर मौत हो गई है. वही इस हादसे में बुरी तरह से घायल एक अन्य व्यक्ति की भी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है.
केंद्रई जलप्रपात के सामने हुआ हादसा
यह दुर्घटना मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र के केंदई झरना के पास की है. जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ. कोयला लोड ट्रेलर कोरबा और सीमेंट से भरी ट्रक अंबिकापुर की तरफ से आ रहे थे. दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी. मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से टक्कर हो गई. सीमेंट वाहन का चालक केबिन में फंस गया था.आग तेजी से फैल गई, मौके पर ही उसकी मौत हो गई है. घटना में एक अन्य व्यक्ति की मौत भी हुई है. कुल मिलाकर दो लोगों की जान हादसे में चली गई है.
मोरगा चौकी की पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे, दमकल विभाग को सूचना दी गई. दमकल वाहन कटघोरा से पहुंचती इसलिए घटनास्थल तक पहुंचने में कई घंटे लग गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग है. यहां अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं. लोगों ने मांग की है कि मोरगा चौकी या टोल नाका पर दमकल वाहन की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि आपात स्थिति में तुरंत राहत मिल सके.
मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई झरना के समीप यह हादसा हुआ है. जिसमें दो लोगों की जान चली गई है. घटना में आगे की जांच की जा रही है-लखन पटले, एएसपी कोरबा
हादसे वाली जगह से कुछ दूरी पर एक अन्य वाहन खराब हालत में सड़क पर खड़ा था. इससे आवाजाही प्रभावित हो रही थी. राहत की बात रही कि वह वाहन आग की चपेट में नहीं आया. वाहन मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है. मामले की जांच जारी है.

