भीषण सड़क हादसा,कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर में 4 की दर्दनाक मौत
कार चालक गंभीर घायल
मध्य प्रदेश – कटनी जिले के बडवारा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक दुर्घटना बड़वारा थाना क्षेत्र के रेलवे पुलिया के पास हुई, जहां कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
– एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया ने बताया कि बाइक पर एक ही साथ चार लोग सवार थे। तेज रफ्तार में हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान रामकिशोर सिंह, रामदास सिंह, जितेंद्र सिंह और इंद्रभान सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार कटनी की ओर आ रहे थे, जबकि कार उमरिया की तरफ जा रही थी। इस हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तुरंत बड़वारा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार बाइक पर चार लोगों का सवार होना और तेज रफ्तार हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

