पानी के संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, रात में सड़क पर उतरकर किया चक्का जाम
प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ जाम, दो दिन में समाधान का दिया भरोसा
लटेरी क्षेत्र के आनंदपुर में पानी की भीषण किल्लत से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार रात फूट पड़ा। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण रात करीब 9 बजे सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
वही ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में काफी समय से पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बार-बार शिकायत करने के बावजूद जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो लोगों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जहा इस मामले की जानकारी मिलते ही लटेरी तहसीलदार जगन प्रसाद शोर और आनंदपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सड़क पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
वही काफी देर तक चली चर्चा और समझाइश के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अगले दो दिनों के भीतर पानी की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
जहा अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में पानी की व्यवस्था नहीं सुधरी, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

