सीधी के आसमान में गरजे लड़ाकू विमान, कुसमी के भदौरा में दिखे एक साथ दो-दो फाइटर जेट, ग्रामीणों में कौतूहल और चर्चा तेज
मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कुसमी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत भदौरा में उस वक्त हलचल मच गई जब ग्रामीणों ने आसमान में दक्षिण से उत्तर दिशा की ओर उड़ते हुए लड़ाकू विमानों को देखा। खास बात यह रही कि एक साथ दो-दो फाइटर जेट तेज गति से उड़ते नजर आए, जिसके बाद से पूरे इलाके में उत्सुकता और चर्चा का माहौल बन गया।
अब ग्रामीणों के मुताबिक, यह नज़ारा बीते कुछ दिनों से लगातार देखने को मिल रहा है। सुबह और दोपहर के समय कई बार आसमान में तेज आवाज के साथ ये विमान गुजरते हैं। भदौरा के स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले इस तरह की गतिविधि यहां कम ही देखने को मिलती थी, लेकिन हाल के दिनों में अचानक इनकी संख्या बढ़ गई है।
जहा विमानों की तेज गर्जना से कुछ देर के लिए लोग घरों से बाहर निकल आए और आसमान की ओर देखने लगे। बच्चों और युवाओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखा गया, वहीं बुजुर्गों ने इसे किसी सैन्य अभ्यास से जोड़कर देखा। हालांकि, प्रशासन या रक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अब जानकारों का मानना है कि यह भारतीय वायुसेना का नियमित अभ्यास (एयर फोर्स ट्रेनिंग एक्सरसाइज) हो सकता है, जो समय-समय पर देश के अलग-अलग हिस्सों में किया जाता है। मध्य भारत के कई इलाकों में पहले भी इस तरह के अभ्यास देखे गए हैं, जिनमें लड़ाकू विमान लंबी दूरी की उड़ान और समन्वय का परीक्षण करते हैं।
वही कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और डिफेंस से जुड़ी वेबसाइट्स के अनुसार, हाल ही में देश के विभिन्न हिस्सों में वायुसेना द्वारा अभ्यास गतिविधियों को बढ़ाया गया है, जिसके चलते इस तरह के दृश्य आम लोगों को देखने को मिल रहे हैं। हालांकि भदौरा या कुसमी क्षेत्र को लेकर कोई विशेष रिपोर्ट सामने नहीं आई है, लेकिन यह गतिविधि उसी का हिस्सा मानी जा रही है।
हालांकि ग्रामीणों के बीच इस अनोखे नजारे को लेकर जिज्ञासा बनी हुई है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से यदि कोई आधिकारिक जानकारी सामने आती है, तो स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

