खेत में मिला युवती का शव, चेहरा जलाया,दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप
बिहार के पूर्णिया डगरूआ थाना क्षेत्र में 18 साल की लड़की का शव मक्का खेत से बरामद हुआ है. शव मिलने के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. युवती पिछले 10 दिनों से लापता थी. परिजन खोजबीन कर रहे थे, इसी दौरान शव मिलने से कोहराम मच गया है.
सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के ही चार लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी. उनका कहना है कि बेटी के लापता होने के बाद वे थाने गए थे, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था.
चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डाला
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती का शव NH-81 के किनारे मक्का खेत में पड़ा मिला. प्रथम दृष्टया मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है. आरोप है कि साक्ष्य मिटाने के लिए चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ भी डाला गया. शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए.
पुलिस पर गंभीर आरोप
घटना से आक्रोशित लोगों ने NH-81 को जाम कर दिया और आगजनी करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया. परिजनों का आरोप है कि जब युवती 10 दिन पहले लापता हुई थी, तब उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया. उल्टा परिजनों पर ही सवाल उठाए गए.
एसपी से हस्तक्षेप की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है. प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि जब तक पूर्णिया के पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर नहीं पहुंचते, तब तक सड़क जाम रहेगा. इस दौरान लोग प्रदर्शन करते रहे.
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
डगरूआ थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि 10 दिन पहले परिजन गांव के ही एक युवक पर लड़की को भगाने का आरोप लगाते हुए थाने आए थे. पुलिस मामले की जांच कर रही थी. इसी दौरान लड़की का शव खेत में मिला, जिसकी जांच की जा रही है.
”युवती का शव बरामद कर लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेजा जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दुष्कर्म हुआ है या नहीं. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.” – राजेश कुमार, थाना प्रभारी, डगरूआ
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इस घटना ने इलाके में आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर दिया है. अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं. परिजनों के गंभीर आरोपों में कितनी सच्चाई है और युवती के साथ क्या हुआ-इसका खुलासा रिपोर्ट आने के बाद होगा.

