ओडिशा में बस में लगी भीषण आग, कांग्रेस विधायक समेत 37 यात्री सुरक्षित
भुवनेश्वर: ओडिशा के भुवनेश्वर में बीती रात बड़ा हादसा टल गया. एक बस में अचानक आग लग गई. भुवनेश्वर से मलकानगिरी जा रही एक निजी यात्री बस में शुक्रवार देर रात आग लग गई. सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया. आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.बताया जाता है कि बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद बस में भीषण आग लग गई. यह घटना आंध्र प्रदेश में ओडिशा सीमा के पास रामभद्रपुरम के निकट हुई. मलकानगिरी के चित्रकोंडा से कांग्रेस विधायक मंगू खिल भी इसी बस में यात्रा कर रहे थे.
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
शुरुआती तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि बस में आग लगने का कारण एक इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट था. बस में शनिवार को सुबह 3 बजे आग लगी. देखते ही देखते बस पूरी तरह से आग की लपटों में घिर गई. सभी 37 यात्रियों को तुरंत सुरक्षित निकाल लिया गया. इन यात्रियों में कांग्रेस विधायक मंगू खिल भी शामिल थे.
सभी यात्री सुरक्षित
कांग्रेस विधायक मंगू खिल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘मैं भुवनेश्वर के बारामुंडा बस स्टैंड से ‘नीलकंठेश्वर’ (ऑरेंज बस) नाम की एक यात्री बस में बैठकर मलकानगिरी की ओर जा रहा था. उसी समय आंध्र प्रदेश के रामभद्रपुरम के पास सुबह करीब 3 बजे बस में आग लग गई. बस पूरी तरह से जल गई. खुशकिस्मती से सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित निकाल लिया गया. बाद में सभी यात्रियों को वहां से ‘एशियन स्माइल’ नाम की दूसरी बस में भेज दिया गया.’
अलर्ट ड्राइवर के तुरंत एक्शन से जान-माल का नुकसान होने से बचा
ड्राइवर ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी रोक दी और यह पक्का किया कि आग और फैलने से पहले सभी पैसेंजर सुरक्षित उतर जाएं. उसके तुरंत एक्शन की वजह से एक बड़ा हादसा होने से बच गया.

