बच्ची की हत्या करके आटे के ड्रम में ठूंसने वाला आरोपी मुठभेड़ में ढेर,पुलिस SI को भी लगी गोली
आगरा: 8 साल की मासूम बच्ची की हत्या करके लाश को ड्रम में छिपाने वाले हत्यारोपी को पुलिस एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया. आगरा में शुक्रवार देर रात हुए मुठभेड़ में एक पुलिस SI को भी गोली लगी है. उसका इलाज कराया जा रहा है. फरार हत्यारोपी पर 25 हजार रुपए का ईनाम घोषित था.DCP सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि फरार आरोपी सुनील की तलाश में 70 पुलिसकर्मियों की टीम लगी थी. 250 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले गए. इस मामले में पुलिस की टीमें ताबड़तोड़ दबिश दे रही थीं. आरोपी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए 22 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था. इसमें आरोपी के परिजन, रिश्तेदार और दोस्त शामिल थे.
DCP सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस टीमों को शुक्रवार देर रात हत्यारोपी सुनील के बारे में सटीक जानकारी मिली. चेकिंग के दौरान थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में पुलिस की घेराबंदी देखकर अभियुक्त सुनील ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से कई फायर किए.
उसकी गोली से SI विश्वजीत राणा घायल हो गए. पुलिस टीमों ने मोर्चा संभाला और आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की. इसमें अभियुक्त सुनील गोली लगी. जिससे वह घायल हो गया.तत्काल उसे उपचार के लिए हॉस्पिटल भेजा गया. जहां पर चिकित्सकों ने 25 हजार रुपए के ईनामी अभियुक्त सुनील को मृत घोषित कर दिया. आरोपी के कब्जे से एक बाइक, एक तमंचा, कारतूस के 6 खोखे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.
24 मार्च को लापता हुई थी बच्ची: DCP सिटी ने बताया कि 24 मार्च 2026 को ताजगंज थाना क्षेत्र में सिद्धार्थ नगर निवासी जूता कारोबारी दिनेश कुमार की बेटी प्रज्ञा (8) गायब हो गई थी. उसकी तलाश में परिजन जुटे, लेकिन कहीं सुराग नहीं मिला.
ताजगंज थाने की पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करके जांच शुरू की. 28 घंटे बाद मासूम बच्ची का शव मकान में किराए पर रहने वाले किराएदार सुनील के कमरे में रखे आटे के ड्रम में मिला था.
उसकी गला काटकर हत्या की गई थी. शव आटे के ड्रम में ठूंसा गया था. आरोपी किराएदार सुनील तभी से फरार था. पुलिस ने आरोपी के साथ ही उसके पिता, मां और भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था.
एनकाउंटर पर नारेबाजी और हंगामा: 8 वर्षीय बच्ची की हत्या के आरोपी सुनील के एनकाउंटर पर हंगामा खड़ा हो गया है. एनकाउंटर की खबर ताजगंज थाने के सिद्धार्थ नगर के लोगों को शनिवार सुबह मिली. थाने पर भीड़ जमा हो गई.
स्थानीय लोगों ने पुलिस से कहा कि आरोपी सुनील का चेहरा दिखाएं. उसका चेहरा सार्वजनिक रूप से दिखाया जाए. इससे स्पष्ट हो कि एनकाउंटर में मारा गया व्यक्ति ही वास्तव में आरोपी सुनील है. इस दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की. पुलिस लोगों को समझाने में जुटी है.

