सीधी जनचौपाल में उठी जनआक्रोश की आवाज,बघवार FR प्लांट की गंदगी पर सख्ती, फर्जीवाड़े और अंतरराष्ट्रीय गिरोह पर एसपी का बड़ा एक्शन
एमपी के सीधी जिले के ग्राम पंचायत पटना में रविवार सुबह आयोजित जनचौपाल में उस समय माहौल गरमा गया, जब ग्रामीणों ने अपनी गंभीर समस्याओं को खुलकर पुलिस प्रशासन के सामने रखा। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी की मौजूदगी में आयोजित इस चौपाल में सरपंच राजकुमारी पांव, पंचायत सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी और पिपराव चौकी प्रभारी शेषमणि मिश्रा भी उपस्थित रहे।
इस चौपाल में सबसे बड़ा मुद्दा बघवार स्थित FR प्लांट (फ्यूल रिकवरी प्लांट) से फैल रही गंदगी और प्रदूषण का उठा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्लांट से निकलने वाली धूल और कचरे के कारण उनका जीवन दूभर हो गया है। स्थिति इतनी खराब है कि लोगों का खाना खाना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने अल्ट्राटेक प्रबंधन पर नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए बताया कि इससे क्षेत्र में बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। इस पर एसपी संतोष कोरी ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तत्काल जांच के निर्देश दिए।
वही इसके अलावा चौपाल में एक चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा भी सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा तीन अलग-अलग पिता दर्शाकर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए सरकारी जमीन पर कब्जा करने और शासकीय लाभ लेने की शिकायत की गई। साथ ही, क्षेत्र में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय चोर गिरोह की गतिविधियों को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई। नहर की बाउंड्री के पास बड़े पैमाने पर अतिक्रमण की बात भी सामने आई, जिससे आवागमन और सिंचाई प्रभावित हो रही है।
जहा सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मौके पर ही पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रदूषण, फर्जीवाड़े और अतिक्रमण के मामलों में राजस्व विभाग के साथ मिलकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं अंतरराष्ट्रीय गिरोह की जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश भी दिए गए।
वही चौपाल के अंत में एसपी ने बच्चों से संवाद कर उन्हें शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया, जिससे कार्यक्रम का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ।

