महुआ नहीं मिला… तो थैला ही उठा ले गया जंगल का महाराज
बांधवगढ़ के जंगल में बाघ की अजीब हरकत, ग्रामीण बना मूक दर्शक
उमरिया तपस गुप्ता(7999276090)
जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र के बंदर चुई इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर लोग हैरान भी हैं और मुस्कुरा भी रहे हैं। यहां एक बाघ ने शिकार नहीं, बल्कि महुआ से भरा थैला ही अपना टारगेट बना लिया।
दरअसल, एक ग्रामीण आराम से पेड़ के नीचे बैठकर महुआ बीन रहा था। मेहनत से इकट्ठा किया गया महुआ उसने एक थैले में भरकर पास में रख दिया। तभी अचानक जंगल का असली मालिक एंट्री मारता है। बाघ साहब चुपचाप आए, पहले थोड़ी देर पेड़ के नीचे बैठकर माहौल को समझा… मानो सोच रहे हों, क्या सीन चल रहा है?
ग्रामीण ने जैसे ही बाघ को देखा, उसकी हालत ना भाग सकते, ना बोल सकते वाली हो गई। वह कुछ दूरी पर खड़ा होकर बस तमाशा देखने लगा। उधर बाघ ने भी कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई। पहले आराम से बैठा, फिर नजरें घुमाईं और आखिर में फैसला लिया शिकार नहीं मिला तो थैला ही सही
इसके बाद बाघ ने महुआ से भरा थैला अपने मुंह में दबाया और ऐसे चलता बना जैसे जंगल की दुकान से शॉपिंग करके निकला हो। पूरा नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था।
इस अनोखी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग मजाक में कह रहे हैं कि बाघ अब ‘डायट चेंज’ कर चुका है और शिकार की जगह महुआ पसंद करने लगा है।
हालांकि, वन विभाग इस घटना को हल्के में नहीं ले रहा। पनपथा बफर क्षेत्र के अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि वीडियो मिलने के बाद इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अकेले जंगल में महुआ बीनने न जाएं, बल्कि समूह में जाएं और सतर्क रहें।
कुल मिलाकर, यह घटना जहां एक तरफ जंगल के खतरे की याद दिलाती है, वहीं दूसरी तरफ यह भी दिखाती है कि जंगल का राजा कब क्या कर जाए, इसका कोई भरोसा नहीं। आज महुआ का थैला गया है… कल को बाघ को कुछ और पसंद आ गया तो?


