उत्कृष्ट प्रदर्शन पर शिक्षकों का सम्मान
कलेक्टर ने ‘Star of The Month’ के तहत किया सम्मानित
अन्य विभागों में भी उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन
संजय सिंह मझौली
समय-सीमा बैठक में शिक्षा सत्र 2025-26 की कक्षा 5 एवं 8 की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्था प्रमुख श्री मीतम चन्द्र डहरवाल प्राथमिक शिक्षक एवं श्रीमती आरती तिवारी, माध्यमिक शिक्षक को कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा “Star of The Month” के तहत सम्मानित किया गया। इन दोनों शिक्षकों को सम्मानित कर जिले के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा स्वरूप प्रस्तुत किया गया।
शासकीय प्राथमिक विद्यालय ठोंगा (विकासखण्ड मझौली) ने कक्षा 5 में शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया। विद्यालय के सभी 16 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 5 छात्र A+, 6 छात्र A एवं 5 छात्र B ग्रेड में रहे। इस उपलब्धि का श्रेय संस्था प्रमुख श्री मीतम चन्द्र डहरवाल, प्राथमिक शिक्षक को दिया गया।
इसी प्रकार शासकीय माध्यमिक विद्यालय नदहा (विकासखण्ड मझौली) ने कक्षा 8 में भी 100 प्रतिशत परिणाम प्राप्त किया। विद्यालय के सभी 22 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 6 छात्र A+, 7 छात्र A, 8 छात्र B ग्रेड में रहे। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन का नेतृत्व संस्था प्रमुख श्रीमती आरती तिवारी, माध्यमिक शिक्षक ने किया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा केवल परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के समग्र विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे इसी समर्पण और नवाचार के साथ विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का कार्य करते रहें। कलेक्टर ने यह भी कहा कि ऐसे उत्कृष्ट प्रयास न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाई देते हैं।
कलेक्टर ने कहा कि “Star of The Month” जैसी पहल का उद्देश्य केवल सम्मान देना नहीं, बल्कि एक सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और प्रेरणादायक वातावरण तैयार करना है, जिससे हर शिक्षक और कर्मचारी अपने कार्य में सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित हो। कलेक्टर ने बताया कि अन्य विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी इसी प्रकार चिन्हित कर सम्मानित किया जाएगा, ताकि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, उपखंड अधिकारी सिहावल राजेश शुक्ला, गोपद बनास राकेश शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे l

