---Advertisement---

ताला–पनपथा मार्ग पर थमा पहिया, घंटों बाद खुला जाम; हाइवा खराब होने से 100 से ज्यादा वाहन फंसे

Tapas Gupta

By Tapas Gupta

Updated on:

---Advertisement---

ताला–पनपथा मार्ग पर थमा पहिया, घंटों बाद खुला जाम; हाइवा खराब होने से 100 से ज्यादा वाहन फंसे

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिले के ताला–पनपथा सड़क मार्ग (SH-10) पर रविवार सुबह उस वक्त हालात बिगड़ गए, जब पतौर गांव के आगे एक हाइवा बीच सड़क पर अचानक खराब हो गया। यह मार्ग पहले से ही सिंगल लेन है और किनारों की पटरी भी अधूरी पड़ी है, ऐसे में भारी वाहन के खराब होते ही दोनों ओर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

घटना के बाद देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। करीब 100 से अधिक छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस गए। मौके पर तत्काल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति और गंभीर होती चली गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि समय रहते ट्रैफिक डायवर्ट किया जाता तो हालात इतने खराब नहीं होते।

जाम में फंसे लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी भीषण गर्मी ने दी। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार था, जिससे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं खासतौर पर परेशान दिखे। कई लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए, जबकि कुछ लोग गर्मी से बचने के लिए सड़क किनारे जंगल की ओर जाकर पेड़ों की छांव में बैठने को मजबूर हो गए।

यह इलाका वन क्षेत्र से सटा हुआ है, ऐसे में लोगों का जंगल की ओर जाना जोखिम भरा भी साबित हो सकता था। जंगली जानवरों की आशंका के बावजूद लोग राहत के लिए वहां जाने को मजबूर दिखे। हैरानी की बात यह रही कि फॉरेस्ट चौकी नजदीक होने के बावजूद मौके पर न तो वन विभाग का अमला सक्रिय नजर आया और न ही पुलिस की कोई त्वरित व्यवस्था दिखी।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें लंबा जाम और लोगों की परेशानी साफ देखी जा सकती है। वीडियो में वाहन चालकों और यात्रियों की बेबसी भी सामने आई।

हालांकि, बाद में खराब हाइवा को हटाने के बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया। इस संबंध में मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मस्कुले ने बताया कि वाहन के ब्रेकडाउन के कारण जाम की स्थिति बनी थी, जिसे अब पूरी तरह साफ कर दिया गया है और मार्ग पर आवागमन सामान्य हो चुका है।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क की बदहाल व्यवस्था और आपात स्थिति में प्रशासनिक तैयारी की कमी को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग को जल्द चौड़ा किया जाए और ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Tapas Gupta

Tapas Gupta

मै तपस गुप्ता 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मो-7999276090

---Advertisement---
यह भी पढ़ें रविवार को भी ‘एक्शन मोड’ में कलेक्टर विकास मिश्रा, औचक निरीक्षण से हिला सिस्टम
रविवार को भी ‘एक्शन मोड’ में कलेक्टर विकास मिश्रा, औचक निरीक्षण से हिला सिस्टम

रविवार को भी ‘एक्शन मोड’ में कलेक्टर विकास मिश्रा, औचक निरीक्षण से हिला सिस्टम,सेमरिया...

Share & Earn