तेज आंधी का कहर,आम का विशाल पेड़ गिरा, बोलेरो-बाइक चकनाचूर, मासूम समेत तीन की जान बची
सीधी जिले में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी बीच अमिलिया थाना क्षेत्र के कोदौरा बाजार सजवानी के पास बहरी-हनुमना मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 9:35 बजे सड़क किनारे खड़ी बोलेरो (क्रमांक CG 12 R 6131) पर अचानक एक विशालकाय आम का पेड़ गिर पड़ा, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पास में खड़ी मोटरसाइकिल भी पेड़ की चपेट में आकर चकनाचूर हो गई।
इस घटना के समय बोलेरो में चंद्र प्रताप सिंह (27) पिता राजकरण सिंह निवासी ढोल (थाना बहरी), रामधनी सिंह (52) निवासी ग्राम सरदमन (थाना अमिलिया) और 12 वर्षीय मासूम उमेश कुमार सिंह सवार थे। बताया गया कि सभी लोग इलाज कराने के लिए बाजार आए थे और वाहन सड़क किनारे खड़ा था। हादसे के वक्त मासूम उमेश गाड़ी के अंदर ही मौजूद था, जिससे कुछ पल के लिए मौके पर दहशत फैल गई।
गनीमत यह रही कि पेड़ गिरने के बावजूद वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। खासतौर पर बच्चे का सकुशल बचना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि पेड़ गिरने की दिशा थोड़ी भी बदल जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था और जान-माल का भारी नुकसान संभव था।
इस घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का प्रयास किया गया। इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

