“खबर का असर: सिहावल में बंद पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइटों पर एक्शन, विधायक विश्वामित्र पाठक की फटकार के बाद शुरू हुआ रिपेयरिंग कार्य”
तीन दिन में सुधार का दिया था आश्वासन, ठेकेदार ने शुरू किया मेंटेनेंस, लाखों की लागत वाली लाइटें फिर होंगी चालू
एमपी के सीधी जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत लगाई गई कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी थीं। इस गंभीर समस्या को जिम्मेदारी के साथ प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने संज्ञान लिया।
अब क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई और तीन दिनों के भीतर मेंटेनेंस कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। विधायक के निर्देश के बाद अब रिपेयरिंग कार्य प्रारंभ हो गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रत्येक सोलर स्ट्रीट लाइट की लागत लगभग ₹1.40 लाख से ₹2.50 लाख तक बताई जा रही है। ऐसे में लंबे समय से बंद पड़ी लाइटों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी, जो अब काम शुरू होने से संतोष में बदलती नजर आ रही है।
वही इस कार्रवाई को “खबर का असर” माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों की निगरानी और जवाबदेही पर भी सकारात्मक संदेश गया है।

