---Advertisement---

धान की रोपाई के दौरान खेत में गिरी आकाशीय बिजली, किसान की दर्दनाक मौत,परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

By राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

Published on:

---Advertisement---

सीधी जिले के सिहावल जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बिठौली में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत में धान की रोपाई कर रहे किसान पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

मृतक की पहचान रामदयाल पटेल (50), पिता स्वयंवर पटेल, निवासी ग्राम बिठौली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 4 बजे रामदयाल पटेल अपने खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से रामदयाल गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किसान की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। रामदयाल पटेल अपने पीछे दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वे मेहनती और सरल स्वभाव के किसान थे, जिनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत बिठौली के सरपंच प्रवेश पटेल भी घटनास्थल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। वहीं अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। देर शाम होने के कारण शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को नहीं हो सका, इसलिए शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।

बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि गरज-चमक के दौरान खेतों, खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। मौसम खराब होते ही सुरक्षित स्थान पर पहुंचना ही सबसे बेहतर उपाय है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले क्षेत्रों में न जाएं और सतर्कता बरतें।

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

राजू गुप्ता मध्य प्रदेश के सीधी जिले के एक सक्रिय और ज़मीनी पत्रकार हैं। वे लंबे समय से स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते आ रहे हैं।

---Advertisement---
यह भी पढ़ें बिरसिंहपुर पाली में झरनों और जलाशयों के पास जाना प्रतिबंधित, SDM का सख्त आदेश
बिरसिंहपुर पाली में झरनों और जलाशयों के पास जाना प्रतिबंधित, SDM का सख्त आदेश

बिरसिंहपुर पाली में झरनों और जलाशयों के पास जाना प्रतिबंधित, SDM का सख्त आदेश...

Share & Earn