नशे में पोते ने उजाड़ दिया अपना ही घर: दादा की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, दादी भी घायल, गांव में पसरा मातम
रीवा। रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र के ग्राम चौर (शुक्लान टोला) में शुक्रवार को घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में घर पहुंचे एक युवक ने अपने ही दादा-दादी पर लाठी से हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में दादा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दादी घायल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शिवम कोल शुक्रवार को नशे की हालत में घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर उसकी दादी चंद्रकली कोल से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि शिवम ने गाली-गलौज करते हुए दादी के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे दादा नन्दलाल कोल ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने उन पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में नन्दलाल कोल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि चंद्रकली कोल भी घायल हो गईं। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान नन्दलाल कोल ने दम तोड़ दिया, जबकि चंद्रकली कोल का इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी शिवम कोल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
घरेलू विवाद में हुई इस वारदात ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। जिस पोते को दादा-दादी ने पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी ने नशे के प्रभाव में उनकी जिंदगी उजाड़ दी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

